आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक भर्ती एजेंसी से जुड़े आठ लोगों के खिलाफ विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 130 से अधिक लोगों से कथित तौर पर 52.68 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह कथित अपराध इस वर्ष जनवरी से मई के बीच हुआ। आरोपी कल्याण स्थित "अल-लिमरा इंटरनेशनल" नामक एजेंसी के माध्यम से काम कर रहे थे।
मुंबई निवासी एक व्यक्ति ने महात्मा फुले चौक थाने में दर्ज कराई गई अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि एजेंसी ने विदेश में आकर्षक नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों को फंसाया। एजेंसी ने नौकरी के इच्छुक लोगों से पैसे और पासपोर्ट तो ले लिए, लेकिन अपने वादे पूरे नहीं किए।
निरीक्षक विनोद पाटिल ने कहा, "130 से अधिक पीड़ितों में से कुछ ने अपनी रकम और पासपोर्ट दोनों गंवा दिए हैं। जब पीड़ितों ने अपने आवेदनों की स्थिति जानने की कोशिश की तो उन्हें पता चला कि एजेंसी ने अचानक अपना कामकाज बंद कर दिया है।"
उन्होंने बताया कि अब तक सामने आए मामलों में कुल 52,68,500 रुपये की धोखाधड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि आठों आरोपियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।