Local body election results are a 'trailer' for the municipal elections to be held on January 15: Shinde
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को दावा किया कि स्थानीय निकाय चुनावों के परिणाम 15 जनवरी को होने वाले नगर निगम चुनावों का ‘ट्रेलर’ हैं।
उन्होंने शिवसेना की जीत की सराहना करते हुए कहा कि ये परिणाम उनकी पार्टी द्वारा किए गए अच्छे काम का प्रमाण हैं।
महाराष्ट्र की 286 नगर परिषदों और नगर पंचायतों में अध्यक्ष और सदस्यों के पदों के लिए हुए चुनावों की मतगणना रविवार सुबह 10 बजे शुरू हुई। शुरुआती रुझानों में भाजपा, अजित पवार की राकांपा और शिंदे की शिवसेना के ‘महायुति’ गठबंधन को बढ़त मिलती दिख रही है।
उन्होंने ठाणे में संवाददाता सम्मेलन में कहा, "परिणाम जनता की राजनीति से ऊपर विकास को प्राथमिकता देने की प्रवृत्ति को दर्शाते हैं। चुनावों में महायुति की शानदार जीत महज एक ट्रेलर है। महायुति आगामी नगर निगम चुनावों में भी यही प्रदर्शन दोहराएगा।"
उन्होंने दावा किया कि ‘महायुति’ ने 286 स्थानीय निकायों के चुनावों में 200 का आंकड़ा पार कर लिया है। शिंदे ने कहा कि "भाजपा ने शतक बनाया है" और शिवसेना "अर्द्धशतक" बनाकर राज्य में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है।