लखनऊ
उत्तर प्रदेश की 14 ‘लखपति दीदियां’ इस 15 अगस्त को लाल किले पर आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इन महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए केंद्र सरकार द्वारा विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।
सरकारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही महिला सशक्तिकरण योजनाओं के सकारात्मक परिणाम के रूप में, ये महिलाएं अब घर पर छोटे-छोटे उद्यम चलाकर आर्थिक रूप से सशक्त बन चुकी हैं। इनमें घी, अचार, पापड़, नमकीन और अन्य घरेलू उत्पादों के निर्माण से न केवल इन्होंने अपनी आजीविका सुनिश्चित की है, बल्कि कई अन्य महिलाओं को भी रोजगार दिया है।
देशभर से आने वाली 700 से अधिक महिलाओं में सबसे अधिक प्रतिनिधित्व उत्तर प्रदेश की महिलाओं का रहेगा। इन्हें केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा सम्मानित किया जाएगा।रक्षा मंत्रालय की ओर से इन अतिथियों के लिए आवास और भोजन की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश से एक विशेष प्रतिनिधिमंडल भी इन महिलाओं के साथ दिल्ली जाएगा।
मिशन निदेशक दीपा रंजन ने कहा,"मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी योजनाओं की बदौलत आज लाखों महिलाएं आत्मनिर्भर बनी हैं। ये 'लखपति दीदियां' सामाजिक और आर्थिक बदलाव की मिसाल हैं, जो अन्य महिलाओं को भी प्रेरणा दे रही हैं।"
बयान के अनुसार, इन प्रेरणादायक महिलाओं का चयन प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से किया गया है और अब वे राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगी।लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस का यह अवसर, इन महिलाओं के संघर्ष और सफलता को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का मंच बनेगा।