आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
आंध्र प्रदेश सरकार ने विशाखापत्तनम तट के पास मछली पकड़ने वाली नौका के लापता होने के बाद से गायब छह मछुआरों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
विशाखापत्तनम तट से एक जुलाई को समुद्र में गए सात मछुआरे लापता हो गए थे। उनमें से एक को वहां से गुजर रहे एक पोत ने बचा लिया था।
आंध्र प्रदेश के कृषि एवं मत्स्य पालन मंत्री किंजरापु अच्चन्नायडू ने मंगलवार देर रात जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘सरकार लापता मछुआरों के परिवारों के साथ खड़ी है और उनके लिए 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि तत्काल मंजूर की गई है।’’
मंत्री ने विशाखापत्तनम के जिलाधिकारी एम. अभिषिक्त किशोर को मत्स्य आयुक्त राम शंकर नायक की सिफारिश और सरकारी मानदंडों के अनुरूप वित्तीय सहायता जारी करने का निर्देश दिया।
अच्चन्नायडू ने कहा कि सरकार प्रभावित परिवारों के दर्द, चिंता और अनिश्चितता को समझती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस कठिन समय में सरकार उनके साथ हरसंभव तरीके से खड़ी रहेगी।
मंत्री ने कहा कि वह और राज्य के लोग लापता मछुआरों की सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय तटरक्षक बल, भारतीय नौसेना, तटीय सुरक्षा पुलिस, विशाखापत्तनम बंदरगाह प्राधिकरण और अन्य एजेंसियों के समन्वय से तलाश अभियान युद्धस्तर पर जारी है।
उन्होंने कहा कि नायक ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी है और सरकार स्थिति पर लगातार नजर रख रही है।
अच्चन्नायडू ने परिवारों से उम्मीद न खोने की अपील की। उन्होंने कहा कि तलाश अभियान जारी रहेगा और प्रभावित परिवारों के कल्याण के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।