कुकी संगठन ने कांगपोकपी में एथलीट की शांति के लिए साइकिल यात्रा के खिलाफ चेतावनी दी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 18-12-2025
Kuki organisation warns against athlete's peace cycling trip to Kangpokpi
Kuki organisation warns against athlete's peace cycling trip to Kangpokpi

 

आवाज द वॉयस/ नई दिल्ली

 
 मणिपुर में एक कुकी संगठन ने शांति का संदेश फैलाने के लिए 2,300 किलोमीटर से अधिक दूरी तक साइकिल चलाने वाले मेइती समुदाय के एक ट्रांसजेंडर सामाजिक कार्यकर्ता को कांगपोकपी जिले का दौरा करने के खिलाफ चेतावनी दी है।

मालेम थोंगम ने दो अक्टूबर को दिल्ली के कुतुब मीनार से अपने ‘साइकिलिंग फॉर मणिपुर पीस’ अभियान की शुरुआत की। वह विभिन्न राज्यों से 2,300 किमी से अधिक की दूरी तय करने के बाद बुधवार को नगा-प्रभुत्व वाले सेनापति जिले में पहुंचे, और इंफाल में अभियान समाप्त करने से पहले उनका शुक्रवार को कुकी बहुल कांगपोकपी में साइकिल चलाने का कार्यक्रम है।
 
‘कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी’ (सीओटीयू) ने एक बयान में कहा कि वह ‘‘19 दिसंबर को मणिपुर शांति के नाम पर तनाव भड़काने वाले मालेम थोंगम द्वारा कांगपोकपी जिले को पार करने के लिए साइकिल चलाने के संबंध में संबंधित प्राधिकारी का तत्काल ध्यान आकर्षित करना चाहती है। इसे तुरंत रोका जाना चाहिए।’’
 
इसमें कहा गया है कि यदि कांगपोकपी जिले में साइकिल चलाने के दौरान कोई अप्रिय घटना होती है, तो ‘‘सीओटीयू और जिले के कुकी जो लोग जिम्मेदार नहीं होंगे, बल्कि संबंधित प्राधिकरण पूरी जिम्मेदारी वहन करेगा।’’
 
अधिकारियों ने कहा कि थोंगम की यात्रा के मद्देनजर कांगपोकपी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।