Kerala Chief Minister Satheesan will handle the finance and law portfolios.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने मंत्रिमंडल आवंटन संबंधी मुख्यमंत्री वी डी सतीशन की सिफारिशों को मंजूरी दे दी है। ‘लोक भवन’ ने बुधवार को यह जानकारी दी।
सतीशन के अलावा मंत्रिमंडल सहयोगियों ने 18 मई को शपथ ग्रहण की थी।
लोक भवन के अनुसार, सतीशन वित्त, कानून, सामान्य प्रशासन और बंदरगाह सहित 35 विभागों का कार्यभार संभालेंगे, जबकि वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला को गृह, सतर्कता और तीन अन्य विभागों की जिम्मेदारी सोंपी गई है।
इसने कहा कि इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के नेता पी के कुन्हालीकुट्टी उद्योग और वाणिज्य, सूचना प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्टार्टअप, खनन एवं भूविज्ञान और हथकरघा एवं वस्त्र विभाग की देखरेख करेंगे।
लोक भवन ने बताया कि केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के प्रमुख सनी जोसेफ को बिजली, पर्यावरण और संसदीय मामलों का प्रभार दिया गया है, जबकि पार्टी के वरिष्ठ नेता के. मुरलीधरन स्वास्थ्य, देवस्वोम, खाद्य सुरक्षा और चिकित्सा शिक्षा सहित सात विभागों का नेतृत्व करेंगे।
इनके अलावा, रोजी एम. जॉन उच्च शिक्षा विभाग संभालेंगे, ए पी अनिल कुमार भूमि और राजस्व विभाग के प्रमुख होंगे तथा एन. शम्सुद्दीन सामान्य शिक्षा मंत्री होंगे।
लोक भवन ने बताया कि रेवॉल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) के विधायक शिबू बेबी जॉन को वन एवं वन्यजीव संरक्षण और कौशल विकास विभाग सौंपा गया है, जबकि केरल कांग्रेस (जोसेफ) के विधायक मोन जोसेफ सिंचाई, भूजल, जल आपूर्ति, स्वच्छता एवं आवास विभागों के प्रमुख होंगे।