Kerala: Chief Minister, leaders pay tribute to former PM Rajiv Gandhi on his birth anniversary
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरलम के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन और राज्य के कांग्रेस नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 82वीं जयंती पर बृहस्पतिवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
सतीशन ने राजीव गांधी को एक दूरदर्शी नेता बताया जिन्होंने अपना जीवन देश के नाम कर दिया और भारत को एक नयी दुनिया का सपना देखना सिखाया।
सतीशन ने ‘फेसबुक’ पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री के तौर पर अपने छोटे से कार्यकाल में राजीव गांधी ने भारत को आधुनिक दुनिया की ओर ले जाने में मदद की और देश के वैज्ञानिक और तकनीकी विकास को अभूतपूर्व गति दी।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के दुनियाभर के नेताओं के साथ गर्मजोशी से भरे व्यक्तिगत संबंध थे और वह एक कुशल राजनयिक भी थे जिन्होंने भारत की विदेश नीति को कुशलतापूर्वक और स्पष्ट दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाया।
सतीशन ने कहा कि प्यार, मानवता और धर्मनिरपेक्षता पर आधारित क्रांतिकारी फैसलों के जरिए राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माता बने और उनकी स्मृतियां देश को प्रेरित करती रहती हैं।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव और अलाप्पुझा से सांसद केसी वेणुगोपाल ने राजीव गांधी को याद करते हुए 1986 में गोरखालैंड आंदोलन के दौरान दार्जिलिंग की उनकी यात्रा और लोगों की चिंताओं को दूर करने की उनकी कोशिशों का जिक्र किया।
‘फेसबुक’ पोस्ट में वेणुगोपाल ने बताया कि यात्रा के दौरान राजीव गांधी ने अपने साथ मौजूद लोगों से कहा था, ‘‘भले ही वे मुझसे मिलने न आ पाएं फिर भी वे मेरी बात सुन सकते हैं।’’
वेणुगोपाल ने कहा कि राजीव गांधी 1986 के आखिर में दार्जिलिंग गए थे जब गोरखालैंड आंदोलन अपने चरम पर था।
सुभाष घिसिंग की अगुवाई वाले ‘गोरखा नेशनल लिबरेशन फ्रंट’ ने प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान उनके बहिष्कार का आह्वान किया था।
वेणुगोपाल ने कहा कि विरोध की आशंका के बावजूद राजीव गांधी ने अपने पहले से तय कार्यक्रमों में कोई बदलाव नहीं किया और दार्जिलिंग के ‘नॉर्थ पॉइंट ग्राउंड’ में 100 से भी कम लोगों की सभा को संबोधित करने का फैसला किया।