केजरीवाल ने केंद्र से युवाओं की आवाज सुनने की अपील की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 20-07-2026
Kejriwal appealed to the Centre to listen to the voice of the youth.
Kejriwal appealed to the Centre to listen to the voice of the youth.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार से युवाओं पर लाठीचार्ज का आदेश देने के बजाय उनकी ‘‘आवाज सुनने’’ की सोमवार को अपील की।
 
यह अपील ऐसे समय की गई, जब कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के विरोध प्रदर्शन के तहत हजारों प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर संसद तक मार्च करने की कोशिश की।
 
आम आदमी पार्टी के नेता ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो संदेश में सरकार से आग्रह किया कि वह ‘‘अहंकार छोड़े और युवाओं की बात सुने।’’
 
केजरीवाल ने कहा, ‘‘देश भर से लाखों युवा जंतर-मंतर पर जमा हुए हैं। उनकी बात सुनने के बजाय, सरकार उन पर लाठीचार्ज का आदेश दे रही है। आपने उस इलाके में इंटरनेट बंद कर दिया है, उन्हें संसद की ओर जाने से रोका जा रहा है। यह सही नहीं है।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘मैं सरकार से अपील करता हूं कि ये हमारे ही देश के बच्चे हैं, जो न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे हैं, और आप उन पर लाठीचार्ज करते हैं। अपना अहंकार छोड़िए और उनकी बात सुनिए।’’