कर्मयोगी भारत, ओपनएआई ने सिविल सेवकों के एआई कौशल विकास के लिए किया समझौता

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 21-10-2026
Karmayogi Bharat, OpenAI sign MoU for AI skill development of civil servants
Karmayogi Bharat, OpenAI sign MoU for AI skill development of civil servants

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
सार्वजनिक क्षेत्र की गैर-लाभकारी कंपनी कर्मयोगी भारत और ओपनएआई ने भारत की सिविल सेवाओं में क्षमता विकास को मजबूत करने के लिए सहयोग की बुधवार को घोषणा की। इसका उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों को कृत्रिम मेधा (एआई) का आत्मविश्वास के साथ उपयोग करने और नई क्षमताओं के जरिये जनसेवाओं के बेहतर परिणाम हासिल करने में मदद करना है।

कर्मयोगी भारत आईजीओटी कर्मयोगी मंच का संचालन और प्रबंधन करती है। यह मंच सिविल सेवा के अधिकारियों को उनकी दक्षता बढ़ाने के लिए कभी भी, कहीं भी और किसी भी उपकरण से सीखने की सुविधा देता है।
 
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस सहयोग के तहत ओपनएआई अकादमी के क्षमता विकास संबंधी संसाधनों को आईजीओटी कर्मयोगी के शिक्षण तंत्र में शामिल किया जाएगा। इससे केंद्र और राज्यों में सरकारी कर्मचारियों को इन संसाधनों तक पहुंच मिलेगी। यह पहल ‘मिशन कर्मयोगी’ के लक्ष्यों के अनुरूप पेशेवर, अच्छी तरह प्रशिक्षित और भविष्य की जरूरतों के लिए तैयार सिविल सेवा के निर्माण में मदद करेगी।
 
कर्मयोगी भारत की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) छवि भारद्वाज ने कहा, ‘‘प्रौद्योगिकी शासन के तौर-तरीकों को बदल रही है। ऐसे में सिविल सेवकों को ऐसे व्यावहारिक कौशल की जरूरत है, जिनका वे अपने रोजमर्रा के काम में सीधे इस्तेमाल कर सकें। आईजीओटी कर्मयोगी पर ओपनएआई अकादमी के संसाधन उपलब्ध कराकर हमारा उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों को एआई का आत्मविश्वास के साथ उपयोग करने, इसका जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने और नई क्षमताओं के जरिए जनसेवाओं के बेहतर परिणाम हासिल करने में मदद करना है।’’