'जुरासिक पार्क' के अभिनेता सैम नील का 78 वर्ष की उम्र में निधन

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-07-2026
'Jurassic Park' actor Sam Neill dies at 78
'Jurassic Park' actor Sam Neill dies at 78

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली


 
‘जुरासिक पार्क’ में डायनॉसोर से बचने की कोशिश करते नजर आए और ‘द पियानो’ में हॉली हंटर के पति की भूमिका निभाने वाले बहुमुखी अभिनेता सैम नील का 78 वर्ष की उम्र निधन हो गया है।
 
अभिनेता के सोशल मीडिया पेज पर जारी बयान के अनुसार, नील का निधन सोमवार को सिडनी में हुआ।
 
नील ने 2023 में बताया था कि उन्हें एंजियोइम्यूनोब्लास्टिक टी-सेल लिम्फोमा की समस्या हो गई है। यह गैर-हॉजकिन लिम्फोमा का ही एक दुर्लभ प्रकार है।
 
बयान में कहा गया कि उनकी मृत्यु ‘‘अचानक और अप्रत्याशित’’ थी और निधन के समय वह ‘‘कैंसर मुक्त’’ हो चुके थे। हालांकि, मृत्यु के कारण का खुलासा नहीं किया गया।
 
उनके परिवार ने कहा, ‘‘सैम ने अपने परिवार के बीच उसी गरिमा के साथ विदा ली, जो उनके पूरे जीवन की पहचान रही।’’
 
नील उन कई ऑस्ट्रेलियाई कलाकारों में शामिल थे, जिन्होंने 1970 के दशक के अंत में ऑस्ट्रेलियाई सिनेमा के उभार के बाद अंतरराष्ट्रीय पहचान हासिल की। इस सूची में पॉल होगन, मेल गिब्सन, ज्योफ्री रश, रसेल क्रो, जेन कैंपियन, पीटर वीयर और जिलियन आर्मस्ट्रॉन्ग जैसे नाम शामिल हैं।
 
नील की अभिनय क्षमता का दायरा काफी व्यापक था। उन्होंने एलन एकबॉर्न की कॉमेडी ‘स्वीट रिवेंज’ में हेलेना बोनहम कार्टर के साथ काम किया, 'द पियानो' में हॉली हंटर की उंगली काटने वाले किरदार को निभाया और विज्ञान-कथा हॉरर फिल्म ‘इवेंट हॉराइजन’ में अपनी आंखें निकालने वाले दृश्य के लिए भी जाने गए।
 
अंतरराष्ट्रीय दर्शकों का ध्यान उन्होंने 1979 में जिलियन आर्मस्ट्रॉन्ग की फिल्म 'माई ब्रिलियंट करियर' से खींचा, जिसमें जूडी डेविस भी थीं। इसके बाद उन्होंने फिलिप नॉयस की समुद्री पृष्ठभूमि वाली थ्रिलर 'डेड काल्म' में काम किया, जिसमें निकोल किडमैन भी थीं।
 
सैम नील की सबसे प्रसिद्ध फिल्मों में 'जुरासिक पार्क' शामिल है, जिसमें उन्होंने जीवाश्म विज्ञानी डॉ. एलन ग्रांट की भूमिका निभाई थी।
 
फिल्म में उनका किरदार एक समझदार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण रखने वाला व्यक्ति था, जो उस थीम पार्क के निर्माता को चेतावनी देता है जहां क्लोन किए गए डायनासोर रखे गए हैं।
 
उन्होंने लौरा डर्न, जेफ गोल्डब्लम और रिचर्ड एटनबरो के साथ इस फिल्म में अभिनय किया था।
 
एलन ग्रांट का किरदार पहली फिल्म की घटनाओं से बच जाता है, लेकिन 1997 में आई 'द लॉस्ट वर्ल्ड : जुरासिक पार्क दो' में नजर नहीं आया। वह 2001 की तीसरी कड़ी और 2022 की 'जुरासिक वर्ल्ड : डोमिनियन' में फिर लौटे।
 
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने उन्हें ‘‘महान कलाकारों में से एक’’ बताया।