अकाल तख्त ‘जन आयोग’ बनाए : ‘सतलुज’ विवाद के बीच खालरा की पत्नी परमजीत कौर की अपील

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-07-2026
Akal Takht to form 'People's Commission': Khalra's wife Paramjit Kaur appeals amid Sutlej dispute
Akal Takht to form 'People's Commission': Khalra's wife Paramjit Kaur appeals amid Sutlej dispute

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 मारे गये मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा की पत्नी परमजीत कौर खालरा ने सोमवार को अकाल तख्त से एक ‘जन आयोग’ बनाने की अपील की, जो पंजाब में 80 और 90 के दशक के दौरान कथित तौर पर फर्जी पुलिस मुठभेड़ों में मारे गए एवं लापता लोगों और अज्ञात शवों की सही संख्या का पता लगा सके।
 
दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’ के ओटीटी प्लेटफॉर्म ‘जी5’ पर रिलीज होने और फिर हटाए जाने के बाद खालरा मामले पर लोगों का ध्यान फिर से गया, जिसके बाद परमजीत कौर ने ये बातें कहीं। यह फिल्म मानवाधिकार कार्यकर्ता खालरा की जिंदगी पर आधारित है। पहले इस फिल्म का नाम ‘पंजाब 95’ रखा गया था।
 
सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था, अकाल तख्त, मंगलवार को उन सिख युवाओं की आत्मा की शांति के लिए ‘अरदास’ करेगी, जिनके मामले खालरा ने सामने लाए थे। यह धार्मिक संस्था पीड़ित परिवारों के लिए न्याय की मांग भी करेगी।
 
परमजीत कौर ने ‘एक्स’ पर पंजाबी में एक पोस्ट में कहा कि अकाल तख्त के जत्थेदार के बुलावे पर मंगलवार को हरिके पट्टन में पंजाब के लोगों के जुटने की तैयारियों के बीच, राज्य के लोगों, पूरे सिख समुदाय और दुनिया भर में मानवाधिकारों और न्याय में विश्वास रखने वाले लोगों को एकजुट होकर सच्चाई की खोज में अपनी आवाज उठानी चाहिए।