झारखंड में छात्रों का आंदोलन 21वें दिन जारी, शनिवार को ‘तिरंगा यात्रा’ निकालने का ऐलान

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-08-2026
Jharkhand student protest continues for 21st day, 'Tiranga Yatra' announced on Saturday
Jharkhand student protest continues for 21st day, 'Tiranga Yatra' announced on Saturday

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
झारखंड की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का विरोध प्रदर्शन शुक्रवार को 21वें दिन जारी है और प्रदर्शनकारियों ने 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर ‘तिरंगा यात्रा’ निकालने की योजना बनाई है।
 
प्रदर्शनकारियों ने 10 अगस्त को राज्य विधानसभा मार्च के दौरान हुई हिंसा के संबंध में प्राथमिकी दर्ज करने को लेकर रांची जिला प्रशासन को चेतावनी दी।
 
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर निकाले जाने वाली ‘तिरंगा यात्रा’ उनके आंदोलन को और मजबूत करेगी।
 
झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी)-झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) रिफॉर्म मंच के बैनर तले प्रदर्शन कर रहे छात्र भर्ती परीक्षाओं में अधिक पारदर्शिता, कई परीक्षाओं को रद्द करने और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) या राज्य के बाहर के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की समिति से स्वतंत्र जांच की मांग कर रहे हैं।
 
अभ्यर्थियों द्वारा सोमवार को निकाले गए विधानसभा मार्च के दौरान हुई हिंसा में शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान के लिए पुलिस वीडियो फुटेज खंगाल रही है।
 
राज्य विधानसभा की ओर 10 अगस्त को निकाले गए मार्च के दौरान सुरक्षाकर्मियों के साथ प्रदर्शनकारियों की झड़प हो गई थी, जिसके बाद 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
 
रांची के पुलिस अधीक्षक पारस राणा ने बताया कि निषेधाज्ञा के उल्लंघन, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिसकर्मियों पर हमले के आरोपों में विधानसभा थाने में मामला दर्ज किया गया है।
 
पुलिस उप-अधीक्षक (हटिया) नीरज कुमार ने बताया कि अभी तक न कोई गिरफ्तारी हुई न ही किसी को हिरासत में लिया गया है। पुलिस उस दिन हुई हिंसा में शामिल लोगों की पहचान के लिए वीडियो फुटेज खंगाल रही है।