कर्नाटक के मंत्री ने विजयनगर में ध्वजारोहण की जिम्मेदारी और जिले के प्रभारी की भूमिका से छूट मांगी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-08-2026
 flag hoisting responsibility in Vijayanagar and role of district in-charge
flag hoisting responsibility in Vijayanagar and role of district in-charge

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
कर्नाटक के मंत्री बी. जमीर अहमद खान के स्वतंत्रता दिवस पर विजयनगर में राष्ट्रीय ध्वज फहराने से छूट मांगने के बाद सरकार ने यह जिम्मेदारी मंत्री के. एस. बसवंथप्पा को सौंप दी।
 
बेंगलुरु के चामराजपेट से विधायक खान ने समय की कमी का हवाला देते हुए विजयनगर जिले के प्रभारी मंत्री की जिम्मेदारी लेने से भी इनकार कर दिया है।
 
उन्होंने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार को पत्र लिखकर इन दोनों जिम्मेदारियों से छूट मांगी।
 
खान ने अपने पत्र में कहा, ‘‘आने वाले दिनों में राज्य में कई स्थानीय निकायों (जैसे बीबीएमपी जिसे अब ग्रेटर बेंगलुरु अथॉरिटी-जीबीए कहा जाता है) के चुनाव, विधानसभा उपचुनाव और पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियां होंगी। इन जिम्मेदारियों को देखते हुए मेरे पास जिला प्रभारी मंत्री के तौर पर जिम्मेदारियां निभाने के लिए पर्याप्त समय नहीं होगा।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए मेरा आपसे अनुरोध है कि मुझे राज्य के किसी भी जिले के लिए जिला प्रभारी मंत्री की जिम्मेदारी नहीं सौंपी जाए।’’