आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जापान की ऊर्जा कंपनी जेईआरए को एएम ग्रीन अमोनिया (इंडिया) के साथ हुए समझौते के तहत पांच साल तक हर वर्ष 70,000 टन हरित अमोनिया की आपूर्ति की जाएगी। दोनों कंपनियों ने संयुक्त बयान में यह जानकारी दी।
एएम ग्रीन आंध्र प्रदेश के काकीनाडा स्थित अपनी इकाई में हरित गैस का उत्पादन करेगी। इस इकाई के 2028-29 तक चालू होने की उम्मीद है और इसकी आपूर्ति मुख्य रूप से कावासाकी किसेन कैशा और निप्पॉन युसेन काबुशिकी कैशा के प्रस्तावित संयुक्त उद्यम को की जाएगी।
इस गैस की आपूर्ति जापान के आइची प्रांत में जेईआरए के हेकिनान ताप विद्युत संयंत्र के पास विकसित की जा रही प्राप्ति, भंडारण और वितरण सुविधाओं के जरिये की जानी है।
बयान के मुताबिक, दोनों कंपनियों ने समझौता ज्ञापन के तहत पांच साल तक हर वर्ष करीब 70,000 टन हरित अमोनिया की आपूर्ति पर सहमति जताई है। इसके अलावा, अतिरिक्त आपूर्ति के लिए समझौते की अवधि बढ़ाने की संभावना भी है।
एएम ग्रीन के समूह अध्यक्ष एवं संयुक्त प्रबंध निदेशक महेश कोल्ली ने कहा कि नवीकरणीय ऊर्जा, बड़े पैमाने पर ऊर्जा भंडारण और उन्नत हरित अमोनिया उत्पादन को एक साथ जोड़कर अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए भरोसेमंद और बड़े स्तर पर विस्तार योग्य आपूर्ति व्यवस्था विकसित की जा रही है।