यादवपुर विश्वविद्यालय झड़प: भाजपा विधायक का भूमिका से इनकार, कहा- अभाविप से पार्टी का संबंध नहीं

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 22-08-2026
Jadavpur University clash: BJP MLA denies role, says party has no connection with ABVP
Jadavpur University clash: BJP MLA denies role, says party has no connection with ABVP

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक सरबरी मुखर्जी ने यादवपुर विश्वविद्यालय में अलग-अलग राजनीतिक संबद्धताओं वाले दो छात्र समूहों के बीच हुई झड़प में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के प्रदर्शनकारियों को कथित रूप से उकसाने के आरोपों से इनकार किया और कहा कि वह कभी ‘परिसर में दाखिल ही नहीं हुईं।’
 
यादवपुर विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संकाय छात्र संघ (एफईटीएसयू) की आम सभा के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से संबद्ध अभाविप और वामपंथी विचारधारा वाले छात्र संगठनों के सदस्यों के बीच बृहस्पतिवार तड़के झड़प हुई थी। इसमें कई छात्र घायल हो गए थे।
 
यादवपुर की विधायक मुखर्जी ने हिंसा में अपनी कथित भूमिका से इनकार करते हुए आरोप लगाया कि वामपंथी छात्र संगठन एसएफआई और आरएसएफ ने अभाविप के एक सदस्य के घायल होने के बाद अभाविप कार्यकर्ताओं को परिसर में प्रवेश करने के लिए उकसाया।
 
उन्होंने कहा, ‘‘मैं परिसर में कैसे प्रवेश कर सकती हूं? मैं मौके पर मौजूद ही नहीं थी। मैं केवल बुधवार रात यादवपुर थाने के सामने शांतिपूर्ण सभा के दौरान इलाके में मौजूद कुछ भाजपा युवाओं के साथ गई थी। इसके बाद मैं वहां से चली गई। भाजपा का एबीवीपी से कभी कोई संबंध नहीं रहा है और मैं उनके किसी कार्यक्रम में शामिल नहीं हुई।’