UDF में IUML अहम सहयोगी: सतीशन

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 16-05-2026
IUML is an important ally in UDF: Satheesan
IUML is an important ally in UDF: Satheesan

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 कांग्रेस नेता वी. डी. सतीशन ने इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के दबाव में उन्हें केरल का मुख्यमंत्री चुने जाने के भाजपा और दो हिंदू संगठनों के दावों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शनिवार को कहा कि वह (आईयूएमएल) संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) में एक अहम सहयोगी है और केरल में धर्मनिरपेक्षता के ताने-बाने को बरकरार रखने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
 
सतीशन ने यहां आईयूएमएल के नेताओं से उनके कार्यालय में मुलाकात कर पार्टी नेतृत्व के साथ चर्चा की।
 
उन्होंने कहा, “आईयूएमएल, यूडीएफ राजनीति के ताकतवर केंद्रों में से एक है। हमने टीम यूडीएफ के रूप में काम किया, जो पहले देखने को नहीं मिला था। हम विधानसभा के अंदर और बाहर एक इकाई के रूप में कार्य करते रहे, जिसमें आईयूएमएल के प्रदेश अध्यक्ष सैयद सादिक अली शिहाब थंगल का समर्थन मिला।”
 
उन्होंने कहा कि यूडीएफ ने एक मजबूत धर्मनिरपेक्ष रुख अपनाया था, जिसे केरल की जनता ने समर्थन दिया।
 
उन्होंने कहा, ‘‘थंगल उस रुख के पीछे की ताकत रहे। मुनंबम और पल्लुरुथी मुद्दों समेत कई मामलों में कुछ ताकतों ने सांप्रदायिक अभियानों के जरिये समाज में विभाजन पैदा करने की कोशिश की। लेकिन आईयूएमएल और थंगल के रुख ने मुझे आश्चर्यचकित कर दिया।’’
 
सतीशन ने कहा कि बाबरी मस्जिद विध्वंस के दौरान भी आईयूएमएल नेतृत्व ने इसी तरह का धर्मनिरपेक्ष रुख अपनाया था।
 
उन्होंने कहा कि आईयूएमएल ने हमेशा यूडीएफ के धर्मनिरपेक्ष रुख का समर्थन किया है और पार्टी के किसी भी नेता ने सांप्रदायिक टिप्पणी नहीं की।
 
उन्होंने कहा, “अगर आईयूएमएल कमजोर हो जाती है, तो उस जगह को कौन भरेगा? यह एक बड़ा सवाल है। तब खुद केरल खतरे में पड़ जाएगा। हमारे बीच भाइयों जैसा नाता है और हम साथ खड़े हैं।”