वार्ता में प्रगति के ट्रंप के दावों के बीच ईरान ने इजराइल पर एक दर्जन मिसाइलें दागीं

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 25-03-2026
Iran fires a dozen missiles at Israel amid Trump's claims of progress in talks
Iran fires a dozen missiles at Israel amid Trump's claims of progress in talks

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि अमेरिका युद्ध समाप्त करने के लिए ईरान से बातचीत कर रहा है वहीं ईरान ने किसी भी तरह की बातचीत होने से इनकार किया है और इस बीच दोनों पक्ष एक दूसरे पर हमले कर रहे हैं।
 
मंगलवार को इस्लामिक गणराज्य ईरान ने इजराइल पर एक दर्जन मिसाइलें दागीं वहीं लेबनान के आतंकवादियों के रॉकेट हमलों में इजराइल में एक महिला की मौत हो गई। युद्ध के दौरान लेबनान की ओर से किए गए हमले में इजराइल में मौत का यह पहला मामला है।
 
इजराइल ने कहा कि उसने ईरान के ‘‘उत्पादन स्थलों’’ पर व्यापक हमले किए, लेकिन उसने इसके बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।
 
वहीं, ईरान इजराइल पर लगातार हमले कर रहा है जिससे लाखों इजराइली आश्रयस्थलों में शरण लेने को मजबूर हो रहे हैं।
 
हाल में ऐसी घटनाएं भी सामने आई हैं जब इजराइल ईरान की मिसाइलों को हवा में ही रोक कर नष्ट नहीं पाया और इससे उसके लोग हताहत हुए।
 
ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य फिर से खोलने के लिए ईरान को स्वयं दी गई समय सीमा को आगे बढ़ा दिया है। इस अहम जलमार्ग के लगभग पूरी तरह बंद होने से ईंधन की कीमतें आसमान छू रही हैं और वैश्विक अर्थव्यवस्था खतरे में है। युद्ध की अवधि को लेकर अनिश्चितता के कारण मंगलवार को अमेरिकी शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिला।
 
पाकिस्तान ने अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में मध्यस्थता की पेशकश की है, लेकिन ईरान अपने रुख पर कायम है और एक शीर्ष सैन्य प्रवक्ता ने ‘‘पूरी तरह जीत हासिल’’ होने तक लड़ाई जारी रखने का प्रण किया।