उत्तर प्रदेश में 75,000 एकड़ भूमि बैंक, अनुकूल नीतियों का लाभ उठायें निवेशक: आदित्यनाथ

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-06-2026
 investors should take advantage of favourable policies: Adityanath
investors should take advantage of favourable policies: Adityanath

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को देश-विदेश के निवेशकों को राज्य में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 75,000 एकड़ का भूमि बैंक, विभिन्न क्षेत्रों के लिए अलग-अलग नीतियां, समय पर प्रोत्साहन और एक ही जगह सभी प्रकार की मंजूरी की व्यवस्था जैसी सुविधाएं मौजूद हैं।

आदित्यनाथ ने गौतम बुद्ध नगर के जेवर इलाके में अम्बर और एसेंट-के सर्किट्स के इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण संयंत्र की आधारशिला रखने के कार्यक्रम में कहा कि हाल के वर्षों में राज्य में बड़ा बदलाव आया है, जिससे यह निवेश के लिए एक आकर्षक जगह बन गई है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘पश्चिमी उत्तर प्रदेश का जेवर इलाका कभी अपनी पहचान के संकट से जूझ रहा था। लेकिन अब पूरी तरह बदल गया है। कानून-व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है और आज उत्तर प्रदेश 75,000 एकड़ के भूमि बैंक के साथ देश-दुनिया के निवेशकों का स्वागत कर रहा है।’’
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य ने 36 अलग-अलग क्षेत्र के लिए नीतियां बनाई हैं, जिससे निवेशकों को सही क्षेत्र चुनने में मदद मिलती है और उन्हें सरकार का सहयोग भी मिलता है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास हर क्षेत्र के लिए नीतियां हैं। निवेशक आकर निवेश कर सकते हैं, सरकार समय पर प्रोत्साहन देती है और ‘सिंगल-विंडो क्लीयरेंस’ की सुविधा भी उपलब्ध है। कोई भी निवेशक बिना किसी मानवीय दखल के परियोजना शुरू कर सकता है और विकास की गति को तेज करने में योगदान दे सकता है।’’