बीरभूम में नकदी बरामदगी मामले की जांच तेज, फरार पत्थर कारोबारी टुल्लू मंडल का घर सील

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 31-07-2026
Investigation into the cash seizure in Birbhum intensified
Investigation into the cash seizure in Birbhum intensified

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 पश्चिम बंगाल पुलिस ने बीरभूम के फरार पत्थर कारोबारी टुल्लू मंडल के आवास की तलाशी के बाद उसे सील कर दिया है। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि यह कार्रवाई मंडल के करीबी रिश्तेदार के घर से करीब 50 करोड़ रुपये मूल्य की नकदी और सोना बरामद होने के बाद जांच का दायरा बढ़ाए जाने के तहत की गई।
 
पुलिस के अनुसार, पुलिस टीम ने बृहस्पतिवार को सूरी के सुभाषपल्ली स्थित टुल्लू मंडल के आवास और एक अन्य घर में दिनभर तलाशी अभियान चलाया और मध्यरात्रि के करीब में वहां से रवाना हुई।
 
पुलिस के अनुसार, परिसर को सील कर दिया गया है। तलाशी के दौरान टुल्लू मंडल या उसके परिवार का कोई सदस्य वहां मौजूद नहीं था।
 
इस संबंध में उपलब्ध जानकारी के अनुसार, तलाशी में मंडल के घर से कुछ लाख रुपये नकद, करीब 250 ग्राम सोना, 900 ग्राम चांदी और कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
 
मोहम्मद नजीबुद्दीन उर्फ टुल्लू मंडल को बीरभूम के पूर्व प्रभावशाली नेता अनुब्रत मंडल का करीबी माना जाता है। पुलिस का आरोप है कि ये संपत्तियां सरकारी राजस्व की चोरी से अर्जित धन से बनाई गई थीं।
 
पुलिस ने बताया कि जांच में जमीन पर अवैध कब्जे, जबरन वसूली और पत्थर तथा रेत खनन कारोबार में कथित अनियमितताओं के आरोपों की भी जांच की जाएगी।