INS Sudarshini departs for Portugal after completing a month-long voyage to the US
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय नौसेना का नौकायन पोत सुदर्शिनी अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के समारोहों में भाग लेने के लिए एक महीने की यात्रा पूरी करने के बाद अब पुर्तगाल के लिए रवाना हो गया है।
रक्षा मंत्रालय ने दिल्ली में जारी एक बयान में कहा, ‘‘भारतीय नौसेना का नौकायन प्रशिक्षण पोत आईएनएस सुदर्शिनी ‘लोकायन-26’ अभियान के तहत 25 जुलाई को अमेरिका के बोस्टन से रवाना हुआ।’’
बयान में कहा गया है कि आईएनएस सुदर्शिनी अब पुर्तगाल के अजोरेस द्वीपसमूह स्थित पोंटा डेलगाडा के लिए रवाना हो चुका है और वैश्विक मंच पर भारत की समुद्री शक्ति, पेशेवर दक्षता और सद्भावना के प्रतीक के रूप में अपनी यात्रा जारी रखेगा।
अमेरिका में प्रवास के दौरान सुदर्शिनी ने प्रतिष्ठित ‘सेल-250’ समारोह और ‘इंटरनेशनल नेवल रिव्यू-250’ में भारत का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान उसने भारत की समृद्ध समुद्री विरासत का प्रदर्शन करने के साथ-साथ पेशेवर एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान के माध्यम से विभिन्न देशों की नौसेनाओं के साथ साझेदारी को भी मजबूत किया।
पोत ने नॉरफॉक, बाल्टीमोर, न्यूयॉर्क और बोस्टन में आयोजित ‘सेल-250’ कार्यक्रमों में भाग लिया तथा विभिन्न देशों के गणमान्य व्यक्तियों, भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों और अंतरराष्ट्रीय नौसैनिक प्रतिनिधिमंडलों की मेजबानी की।