आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दुबई में भारतीय वाणिज्य दूतावास के एक अधिकारी ने फुजैराह में हुई सड़क दुर्घटना के पीड़ित भारतीयों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
‘खलीज टाइम्स’ की बृहस्पतिवार की खबर के अनुसार संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के फुजैराह में बुधवार को 18 वाहनों और पांच ट्रकों से जुड़ी दुर्घटना में भारतीयों सहित कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई जबकि 30 अन्य घायल हो गए।
दुबई में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने शुक्रवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दुबई एवं उत्तरी अमीरात स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के एक अधिकारी ने आज फुजैराह के अस्पतालों का दौरा किया। उन्होंने कल हुई इस दुखद सड़क दुर्घटना के पीड़ितों के परिजनों से मुलाकात की और लोगों की जान जाने पर गहरी संवेदना व्यक्त की।’’
भारतीय दूतावास ने कहा कि अधिकारी ने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों से भी मुलाकात की और इलाज करा रहे जीवित बचे भारतीय नागरिकों के स्वास्थ्य और उनके ठीक होने की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
दूतावास ने कहा, ‘‘वाणिज्य दूतावास की ओर से परिवारों को हर संभव मदद दी जा रही है।’’