मनोज कुमार ओझा / डूमडूमा (असम)
पूर्वी असम के तिनसुकिया जिले में समर अली 'आवाज - द वॉयस' से कहते हैं,"यह जुम्मा बेहद पाक और खास है। एक तरफ जुम्मे की नमाज अदा की जा रही है, तो दूसरी तरफ हमारे हिंदू भाई-बहन डूमडूमा नदी में पवित्र डुबकी लगा रहे हैं, क्योंकि आज नहाय-खाय के साथ छठ पूजा की शुरुआत हो रही है। हर कोई उस सर्वशक्तिमान को याद कर रहा है, चाहे आप उन्हें अल्लाह कहें या भगवान I"
शुक्रवार को छठ पूजा की शुरुआत के साथ ही, असम भर में नदी तट, तालाब और सामुदायिक घाट आस्था की एक ऐसी असाधारण अभिव्यक्ति के साक्षी बनने के लिए तैयार हैं, जो धार्मिक सीमाओं से परे है।

यद्यपि इस महापर्व की सबसे गहरी सांस्कृतिक जड़ें बिहार में हैं, लेकिन पूर्वी असम, विशेष रूप से तिनसुकिया, डिब्रूगढ़, शिवसागर, लखीमपुर, धेमाजी और जोरहाट जिलों में इसका बढ़ता उत्सव सामाजिक सद्भाव, आपसी सम्मान और प्रकृति के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का एक अद्भुत उदाहरण पेश कर रहा है।
हालांकि, नूरी बेगम के लिए छठ केवल एक धार्मिक अनुष्ठान से कहीं बढ़कर है। यह उन मूल्यों का जश्न मनाने का अवसर है, जो मजहब से परे लोगों को आपस में जोड़ते हैं।समारोह के व्यापक महत्व पर विचार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, "हम इस पर्व को मनाते हैं और इसका सम्मान करते हैं, क्योंकि यह हिंदू-मुस्लिम एकता, महिला सशक्तिकरण और हमारी नदियों व पर्यावरण के प्रति साझा जिम्मेदारी का प्रतिनिधित्व करता है। यह हमें सिखाता है कि इंसानियत, आपसी सम्मान और प्रकृति की देखभाल धार्मिक मतभेदों से कहीं बड़ी है।"
इस भावना को अपनाने वाली नूरी अकेली नहीं हैं। पूर्वी असम के कई हिस्सों में मुस्लिम, सिख और बौद्ध सहित विभिन्न धार्मिक समुदायों के लोग इस उत्सव में भाग लेते हैं और छठी मैया की आराधना करते हैं। इन समुदायों के पुरुष और महिलाएं हिंदू श्रद्धालुओं के साथ मिलकर इस पर्व को मनाते हैं, जो एक ऐसी सामाजिक परंपरा को दर्शाता है जहां आस्था विभाजन की रेखा के बजाय एक सेतु (पुल) बन जाती है।
असमिया समुदाय भी इस उत्सव में भाग लेने और सहयोग करने के लिए तेजी से आगे आया है। पूजा के आयोजन में मदद करने से लेकर घाटों को तैयार करने और उनके रखरखाव तक, विभिन्न समुदायों के सदस्य व्यवस्थाओं में अपना योगदान देते हैं। इस तरह की सामूहिक भागीदारी ने छठ को पड़ोस के रिश्तों को मजबूत करने और असम के बहुलतावादी सामाजिक ताने-बाने का जश्न मनाने का एक महत्वपूर्ण अवसर बना दिया है।

इस एकजुटता की शायद सबसे मार्मिक अभिव्यक्ति उन घंटों में देखने को मिलती है, जब श्रद्धालु पवित्र अर्घ्य देने के लिए नदी तटों की ओर प्रस्थान करते हैं। तिनसुकिया के सुदीप प्रसाद इस पर्व में मुस्लिम पड़ोसियों और युवाओं के योगदान का वर्णन करते हुए स्पष्ट रूप से भावुक हो जाते हैं।
सुदीप ने कहा, "छठ के दिनों में, हमारे मुस्लिम भाई यह सुनिश्चित करने की पहल करते हैं कि जिन सड़कों और राजमार्गों से होकर श्रद्धालु गुजरते हैं, वे पूरी तरह साफ रहें। वे सड़कों पर झाड़ू लगाते हैं और धूल से बचाने के लिए पानी का छिड़काव करते हैं। मुस्लिम युवा छठ घाटों की सफाई में भी अपने हिंदू पड़ोसियों का हाथ बंटाते हैं। उनका योगदान यहीं खत्म नहीं होता। वे अपने मोहल्लों से गुजरने वाले रास्तों पर रोशनी की पूरी व्यवस्था करते हैं, ताकि श्रद्धालु तड़के सुबह सुरक्षित रूप से घाटों तक पहुंच सकें।"
उनका मानना है कि बिना किसी प्रचार या पहचान की अपेक्षा के किए जाने वाले ये कार्य ही सांप्रदायिक सद्भाव के वास्तविक अर्थ को दर्शाते हैं।
उन्होंने आगे कहा, "हमारे कई मुस्लिम भाई अक्सर अपनी पहचान गुप्त रखते हुए पूजा के आयोजन के लिए उदारतापूर्वक आर्थिक सहयोग भी देते हैं। यह आपसी प्रेम, विश्वास और सम्मान पर टिका हुआ रिश्ता है। हिंदू भी मस्जिदों और दरगाहों को वित्तीय और अन्य सहायता प्रदान करते हैं। हम धार्मिक और सामाजिक महत्व के क्षणों में एक-दूसरे के साथ खड़े रहते हैं। अंततः हम सब एक हैं। कुछ और होने से पहले हम इंसान हैं।"

सूर्य देव और छठी मैया को समर्पित छठ पूजा हिंदू परंपरा के सबसे विशिष्ट धार्मिक अनुष्ठानों में से एक है। यह मुख्य रूप से बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश से जुड़ा पर्व है, हालांकि अब इसका विस्तार भारत के कई अन्य हिस्सों और विदेशों तक हो चुका है।
यह महापर्व आम तौर पर चार दिनों तक मनाया जाता है, जिसकी शुरुआत 'नहाय-खाय' से होती है, जिसके बाद 'खरना', 'संध्या अर्घ्य' और 'उषा अर्घ्य' होता है। पहले दिन यानी नहाय-खाय में पवित्र स्नान, घरों की साफ-सफाई और पारंपरिक शाकाहारी भोजन बनाना शामिल है। दूसरे दिन खरना पर, श्रद्धालु दिन भर उपवास रखते हैं और कठोर निर्जला व्रत शुरू करने से पहले शाम को पूजा करते हैं।
तीसरा दिन संध्या अर्घ्य मुख्य संध्या अनुष्ठान है, जब श्रद्धालु डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए नदियों, तालाबों और अन्य जलाशयों के किनारे एकत्र होते हैं। चौथे दिन सुबह उषा अर्घ्य के साथ इस पर्व का समापन होता है, जब उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है, जिसके बाद पारण (व्रत तोड़ना) और प्रसाद वितरण किया जाता है।
छठ को जो बात विशेष रूप से महत्वपूर्ण बनाती है, वह है प्रकृति के साथ इसका गहरा जुड़ाव। कई अन्य धार्मिक त्योहारों के विपरीत, इसके मुख्य अनुष्ठान प्राकृतिक तत्वों के सीधे संपर्क में संपन्न होते हैं। जल, सूर्य का प्रकाश, मिट्टी, फल और अन्य कृषि उपज इस अनुष्ठान में अनिवार्य स्थान रखते हैं।
असम में, विशाल ब्रह्मपुत्र और इसकी असंख्य सहायक नदियां, छोटी धाराएं और जलाशय इस उत्सव के लिए एक अनूठा परिवेश प्रदान करते हैं। प्रमुख नदी तटों से लेकर गांव के साधारण घाटों तक, श्रद्धालु फलों, गन्ने, ठेकुआ और अन्य पारंपरिक प्रसाद से भरी बांस की टोकरियां लेकर एकत्र होते हैं।
जैसे ही शाम का सूरज धीरे-धीरे क्षितिज की ओर ढलता है, परिवार पानी में खड़े होकर प्रार्थना करते हैं। अगली सुबह, उन्हीं नदी तटों पर श्रद्धालुओं का फिर से जमावड़ा लगता है, जो उगते सूर्य का स्वागत करते हैं।

फिर भी, धार्मिक अनुष्ठानों से परे, ये समागम पर्यावरण के प्रति एक शक्तिशाली संदेश भी देते हैं।घाटों की सफाई, कचरा हटाना, संपर्क मार्गों का रखरखाव और जलाशयों तथा उनके आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के सामूहिक प्रयास यह दर्शाते हैं कि धार्मिक भागीदारी किस प्रकार पर्यावरणीय जिम्मेदारी को प्रोत्साहित कर सकती है। विभिन्न धर्मों के स्थानीय निवासियों की भागीदारी इस संदेश को और अधिक सशक्त बनाती है।
इस प्रकार छठ के दौरान ब्रह्मपुत्र और उसकी सहायक नदियां केवल पूजा स्थल से कहीं अधिक बन जाती हैं। वे ऐसे साझा सार्वजनिक स्थानों के रूप में उभरती हैं, जहां लोग मिलते हैं, सहयोग करते हैं और यह साबित करते हैं कि नदियों और पर्यावरण की रक्षा करना हर किसी की जिम्मेदारी है, चाहे उसका धर्म या समुदाय कुछ भी हो।
पूर्वी असम में छठ पूजा में विभिन्न समुदायों की बढ़ती भागीदारी एक बड़ी सामाजिक वास्तविकता को दर्शाती है: सांप्रदायिक सद्भाव अक्सर भाषणों या नारों से नहीं, बल्कि दयालुता, सहयोग और आपसी सम्मान के रोजमर्रा के कार्यों से मजबूत होता है।
सूर्योदय से पहले सड़क पर झाड़ू लगाता एक मुस्लिम युवा, नदी के किनारे को साफ करने के लिए हाथ मिलाते पड़ोसी, दूसरे समुदाय के धार्मिक उत्सव में योगदान देते परिवार और यह सुनिश्चित करते लोग कि श्रद्धालु सुरक्षित रूप से घाटों तक पहुंच सकें,ये सभी साझा मानवता की अभिव्यक्तियां हैं।
जैसे ही असम की ब्रह्मपुत्र और अन्य नदियों व जलाशयों के तटों पर छठ पूजा का उत्सव परवान चढ़ता है, इसका संदेश स्वयं अनुष्ठानों से कहीं आगे तक गूंजता है। यह आस्था का उत्सव है, लेकिन साथ ही यह एक स्मरण भी है कि नदियां सभी की हैं, पर्यावरण संरक्षण एक सामूहिक कर्तव्य है, महिलाओं की भक्ति सम्मान की हकदार है और मानवता किसी धार्मिक सीमा को नहीं जानती।
इस बीच, आगामी छठ पूजा समारोहों के लिए जिला प्रशासनों ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। डिब्रूगढ़ में, जिला आयुक्त विक्रम कैरी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिजीत गौरव दिलीप ने आज फूलबागान स्थित निर्धारित छठ पूजा स्थल का दौरा किया।
दौरे के दौरान, दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने पर्व के सुचारू और शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सुरक्षा संबंधी विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की।

"एक हिंदू भाई रमजान के दौरान एक गरीब मुस्लिम रोजेदार के लिए चुपचाप इफ्तार और सेहरी का इंतजाम करता है, जबकि एक मुस्लिम भाई छठ पूजा करने वाले हिंदू के लिए फलों से भरी टोकरी लाता है। इसे गंगा-जमुनी तहजीब कहें या अजान फकीर और श्रीमंत शंकरदेव द्वारा प्रचारित सामाजिक सद्भाव, संदेश सीधा है: हम सब एक हैं," समर अली अपने माथे पर बुनी हुई जालीदार टोपी को ठीक करते हुए सौम्यता से मुस्कुराते हैं।
पृष्ठभूमि में एक भोजपुरी छठ पूजा गीत के मधुर स्वर गूंज रहे हैं .....
"अबकी करब छठ बरतिया हो केकरा लागे, हमरो जे देशवा भारत अइसन देशवा ओकरा लागे, करेम हिंदू-मुसलमान का मोहब्बत लागे, करेम ई जंगल आ नदियन का सलामत लागे, कि आउरी महिला सम्मान का हिफाजत लागे......."