आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह एक बार फिर वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रही और अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में स्थिति और भी बिगड़ने की आशंका है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार शनिवार सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 348 दर्ज किया गया जबकि शुक्रवार शाम चार बजे 24 घंटे का औसत एक्यूआई 373 था।
सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 तक का एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 तक ‘संतोषजनक’, 101 से 200 तक ‘मध्यम’, 201 से 300 तक ‘खराब’, 301 से 400 तक ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 तक ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
दिल्ली में मौजूद 59 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से सात केंद्रों पर शनिवार सुबह एक्यूआई ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया गया।
दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ दिनों में एक्यूआई और बिगड़ने की आशंका है।
कई मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई।
सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक और शुक्रवार के मुकाबले 0.2 डिग्री ज्यादा है।