सीबीआई ने महादेव सट्टेबाजी ऐप मामले में छह राज्य में 33 स्थान पर छापेमारी की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-11-2026
CBI raids 33 locations in six states in Mahadev betting app case
CBI raids 33 locations in six states in Mahadev betting app case

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले की जांच के सिलसिले में छह राज्य में 33 स्थान पर छापेमारी कर डिजिटल उपकरण, मोबाइल फोन और ऐसे दस्तावेज बरामद किए हैं, जिनसे ‘म्यूल’ बैंक खातों और हवाला के जरिए धन के लेनदेन के संकेत मिले हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
 
‘म्यूल’ बैंक खाता ऐसा बैंक खाता होता है, जिसका इस्तेमाल अपराधी अवैध तरीके से हासिल की गई रकम प्राप्त करने, उसे दूसरे खातों में भेजने और धन के वास्तविक स्रोत को छिपाने के लिए करते हैं।
 
एजेंसी ने बताया कि इस ऐप के प्रमुख प्रवर्तकों में शामिल सौरभ चंद्राकर के ओमान से प्रत्यर्पण के बाद उसके खुलासों के आधार पर छापेमारी की गई।
 
अधिकारियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में की गई इस छापेमारी में सट्टेबाजी ऐप के पैनल (ऑनलाइन व्यवस्था या इंटरफेस जिसके जरिए सट्टेबाजी की गतिविधियां संचालित की जाती हैं) संचालकों से जुड़े परिसरों को निशाना बनाया गया।
 
सीबीआई के प्रवक्ता ने बताया कि कई स्थानों पर सट्टेबाजी और जुए के ऑनलाइन पैनल सक्रिय पाए गए, जिन्हें बाद में निष्क्रिय कर दिया गया।