मंगलुरु (कर्नाटक)
भारतीय तटरक्षक बल (ICG) ने ‘स्टीयरिंग गियर’ में खराबी आने के कारण 11 दिनों से अरब सागर में फंसी मछुआरों की नौका आईएफबी सेंट एंटोन-1 पर सवार सभी 31 मछुआरों को सुरक्षित बचा लिया। यह जानकारी तटरक्षक बल ने रविवार को दी।
‘स्टीयरिंग गियर’ वह यांत्रिक प्रणाली है जो नाव की दिशा नियंत्रित करने के लिए पतवार (rudder) को घुमाती है।
गोवा की यह नौका मंगलुरु से लगभग 100 समुद्री मील दूर लापता हो गई थी, जिसके बाद भारतीय तटरक्षक बल के कर्नाटक मुख्यालय ने तत्काल खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया।
रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, खराब मौसम और ऊंची समुद्री लहरों के बावजूद खोज अभियान के तहत कोच्चि से गश्ती पोत आईसीजीएस कस्तूरबा गांधी और एक डोर्नियर विमान को तैनात किया गया।
विज्ञप्ति में कहा गया, “मौसम की वास्तविक समय की जानकारी और एकीकृत परिचालन केंद्र की सहायता से नौका के संभावित स्थान का अनुमान लगाया गया।”
डोर्नियर विमान ने शनिवार को नौका का पता लगाया, जिसके बाद आईसीजीएस कस्तूरबा गांधी मौके पर पहुंची और नौका की स्थिति का आकलन कर स्टीयरिंग की मरम्मत में मदद की।
इसके बाद तटरक्षक बल ने मछुआरों की एक अन्य नौका के साथ समन्वय करते हुए आईएफबी सेंट एंटोन-1 को होन्नावर मछली पकड़ने वाले बंदरगाह तक सुरक्षित पहुंचाया। चालक दल के सभी 31 सदस्य सकुशल बचा लिए गए।