आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारत अपने लागत-प्रतिस्पर्धी यात्रा परिवेश और समृद्ध सांस्कृतिक संसाधनों के चलते वैश्विक यात्रा एवं पर्यटन विकास सूचकांक में नौ पायदान ऊपर चढ़कर 31वें स्थान पर पहुंच गया है।
विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) की ओर से जारी इस सूचकांक में जापान शीर्ष पर है। अमेरिका, स्पेन, ऑस्ट्रेलिया और फ्रांस भी शीर्ष पांच में शामिल हैं।
डब्ल्यूईएफ ने शुक्रवार को एक रिपोर्ट में कहा कि भारत को यात्रा के लिहाज से लागत-प्रतिस्पर्धी माहौल, समृद्ध सांस्कृतिक संसाधनों, प्राकृतिक संपदा और पर्यटन मांग के बेहतर वितरण से लाभ मिला है।
रिपोर्ट के अनुसार, पर्यटन बुनियादी ढांचे, सांस्कृतिक संसाधनों और कारोबारी यात्रा सुविधाओं में तेजी से सुधार ने भारत की रैंकिंग में बड़ी बढ़त में योगदान दिया है।
हालांकि, कार्यबल के कौशल, पर्यावरणीय स्थिरता और पर्यटन बुनियादी ढांचे की गुणवत्ता अब भी भारत के लिए प्रमुख चुनौतियां हैं।
चीन, भारत और मेक्सिको विश्व धरोहर के सांस्कृतिक स्थलों की संख्या के मामले में भी शीर्ष 10 में शामिल हैं।