Youth Congress demonstrated demanding resignation of Chief Election Commissioner Gyanesh Kumar
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय युवा कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और निर्वाचन आयोग के कामकाज एवं निर्णय प्रक्रिया से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र जांच की मांग को लेकर शुक्रवार को प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस की युवा इकाई के एक कार्यकर्ता ने अपने चेहरे पर ज्ञानेश कुमार का मुखौटा पहन रखा था और हाथों में हथकड़ी लगाई थी तथा उसके साथ संगठन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने किया।
युवा कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख वरुण पांडे की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, संगठन के कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग कार्यालय का ‘घेराव करने’ के लिए मार्च करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया।
उन्होंने दावा किया कि चिब समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।
इस विरोध प्रदर्शन के मौके पर चिब ने कहा कि निर्वाचन आयोग के कामकाज को लेकर सामने आई खबरों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं और इनका जवाबदेही के साथ समाधान होना चाहिए।