भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौता आर्थिक संबंधों में नयी गहराई और गति लाएगा : प्रधानमंत्री मोदी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 11-07-2026
 will bring new depth and momentum to economic relations: PM Modi
will bring new depth and momentum to economic relations: PM Modi

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुआ ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को नयी गहराई और गति प्रदान करेगा तथा इससे बाजार तक पहुंच, निवेश, सेवाओं, प्रौद्योगिकी और प्रतिभाओं के आदान-प्रदान के नए अवसर खुलेंगे।
 
प्रधानमंत्री ने चुनिंदा मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) और उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ बातचीत के दौरान यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के साझा लोकतांत्रिक मूल्य, विविधता और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता दोनों देशों के बीच महत्वाकांक्षी और भविष्य उन्मुख आर्थिक साझेदारी के लिए मजबूत आधार प्रदान करते हैं।
 
प्रधानमंत्री मोदी ने यह टिप्पणी न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के साथ विभिन्न मुद्दों पर हुई वार्ता के कुछ ही समय बाद की। इस वार्ता में 18 महत्वपूर्ण परिणाम सामने आए, जिनमें दोनों देशों के संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक ले जाना भी शामिल है।
 
प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को अपनी तीन देशों की यात्रा के अंतिम चरण में ऑकलैंड पहुंचे थे। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच आर्थिक और सुरक्षा सहयोग का विस्तार करना रहा।
 
प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा करीब 40 वर्षों बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की न्यूजीलैंड की पहली यात्रा है।
 
यह यात्रा हाल में भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर हस्ताक्षर के बाद हो रही है।
 
व्यापार जगत के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘भारत और न्यूजीलैंड के बीच मजबूत आर्थिक साझेदारी से उद्योगों, नवाचारकर्ताओं और हमारे युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे।’’
 
उन्होंने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड ने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचाने का ऐतिहासिक निर्णय किया है।