India Coalition protests against SIR, Election Commissioner Gyanesh Kumar in Karnataka
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कर्नाटक में विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बृहस्पतिवार को यहां 'फ्रीडम पार्क' में प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है।
बेंगलुरु में यह प्रदर्शन एसआईआर प्रक्रिया के खिलाफ और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर ‘इंडिया’ गठबंधन के राष्ट्रव्यापी आंदोलन का हिस्सा है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह प्रदर्शन एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में एसआईआर और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘इंडिया’ गठबंधन द्वारा आयोजित आंदोलन की अगली कड़ी है।
इस प्रदर्शन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के कर्नाटक प्रभारी सचिव गोपीनाथन पलानीअप्पा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बी. के. हरिप्रसाद, पार्टी के कई नेता, विधायक और मंत्री शामिल हुए।