आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारत ने संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान की कड़ी आलोचना करते हुए उसे ‘‘भस्मासुर देश’’ करार दिया और कहा कि जब उसका ‘‘अपना ही राक्षस उसे डसता है’’ तो वह हैरान रह जाता है।
नयी दिल्ली ने बुधवार को यह बात इस्लामाबाद पर आतंकवादियों को ‘‘पनाह देने, प्रशिक्षण देने और उनका इस्तेमाल करने’’ का आरोप लगाते हुए कही।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन की प्रथम सचिव अनुपमा सिंह ने कड़ी टिप्पणी तब की जब पाकिस्तान और इस्लामिक सहयोग संगठन (ओआईसी) ने संयुक्त राष्ट्र उच्चायुक्त की वार्षिक रिपोर्ट पर हुई चर्चा के दौरान जम्मू-कश्मीर का मुद्दा उठाया।
सिंह ने कहा, ‘‘पाकिस्तान और ओआईसी की ओर से दिए गए संदर्भ के जवाब में भारत को उत्तर देने के इस अधिकार का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। हम पाकिस्तान के निराधार और दुर्भावनापूर्ण आरोपों को पूरी तरह से खारिज करते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम ओआईसी की ओर से जम्मू-कश्मीर के बारे में की गई बातों को भी पूरी तरह से खारिज करते हैं... साफ तौर पर कहें तो, जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा। एकमात्र अनसुलझा मुद्दा भारतीय क्षेत्रों पर पाकिस्तान का अवैध कब्ज़ा और उनका वापस किया जाना है।’’
सिंह ने यह भी कहा कि पाकिस्तान एक ऐसा देश है जिसके मौजूदा रक्षा मंत्री ‘‘सरकारी नीति के तौर पर आतंकवादियों को पनाह देने, उन्हें प्रशिक्षण देने और तैनात करने का दावा करते हैं’’।
उन्होंने कहा, ‘‘इससे किसी को हैरानी नहीं होनी चाहिए। किसी गैर-कानूनी और अवैध कब्जे को सिर्फ ताकत के दम पर ही बनाए रखा जा सकता है। यह वह देश है जिसके मौजूदा रक्षा मंत्री आतंकवादियों को पनाह देने, उन्हें प्रशिक्षण देने और तैनात करने की बात गर्व से कहते हैं तथा इसे अपनी सरकारी नीति बताते हैं, फिर भी पाकिस्तान खुद को आतंकवाद का शिकार बताता है।’’
भारतीय राजनयिक ने कहा, ‘‘सचमुच, यह एक ऐसा विरोधाभास है जिसे केवल पाकिस्तान ही बनाए रख सकता है। यह ‘भस्मासुर देश’ का एक जीता-जागता उदाहरण है, जो तब हैरान रह जाता है जब उसका अपना ही बनाया राक्षस उसे डसता है।’’