आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारत में जन्मी डेमोक्रेट सबा हैदर ने इलिनॉय प्रतिनिधि सभा का चुनाव जीत लिया है और इसके साथ ही वह राज्य की जनरल असेंबली के लिए चुनी जाने वाली पहली दक्षिण एशियाई महिला बन गई हैं।
हैदर ने तीन नवंबर को हुए अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में 84वें डिस्ट्रिक्ट से जीत हासिल की। उन्हें कुल 70.9 प्रतिशत वोट मिले। उन्होंने 20,756 मत हासिल किए, जबकि उनकी रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी ब्रायन स्कोपा को 8,520 वोट यानी 29.1 प्रतिशत मत मिले।
हैदर ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “हमने यह कर दिखाया। पिछले 15 महीनों से हमने 84वें डिस्ट्रिक्ट के हर कोने में मतदाताओं तक पहुंच बनाने के लिए कड़ी मेहनत की। हमने यह जानने की कोशिश की कि उनके लिए क्या मायने रखता है, वे किन बदलावों की उम्मीद करते हैं और मजबूत, समृद्ध तथा अधिक समावेशी समुदाय बनाने के लिए हम किस तरह मिलकर काम कर सकते हैं।”