महिलाओं ने हर क्षेत्र में साबित की नेतृत्व क्षमता : एनसीडब्ल्यू प्रमुख रहाटकर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-11-2026
Women have proved their leadership capabilities in every field: NCW chief Rahatkar
Women have proved their leadership capabilities in every field: NCW chief Rahatkar

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कहा कि भारत में महिलाएं केवल भागीदारी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे नेतृत्व भी कर रही हैं और उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी क्षमता साबित की है।

साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं का अधिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम जल्द ही लागू किया जाएगा।
 
रहाटकर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक विशेष साक्षात्कार में कहा कि महिलाओं को जब भी अवसर मिला है, उन्होंने अपनी नेतृत्व क्षमता साबित की है। इसका उदाहरण 73वें और 74वें संविधान संशोधनों के बाद पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं का बढ़ता प्रतिनिधित्व है।
 
उन्होंने कहा, ''हमारे देश में महिलाएं केवल भागीदारी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे देश का नेतृत्व करने वाली महिलाएं हैं। यह महज कहने की बात नहीं है। हमने प्राचीन काल से ऐसा होते देखा है। भारत की महिलाओं ने समाज के हर वर्ग और हर क्षेत्र में अपनी नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन किया है।''