आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पुरानी दिल्ली के भीड़भाड़ वाले चावड़ी बाजार इलाके में तीन मंजिला इमारत ढहने के 24 घंटे बाद भी बचाव अभियान जारी है।
अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य के मलबे में फंसे होने की आशंका है।
चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास गली सितारा में स्थित यह इमारत बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजकर 45 मिनट पर ढह गई थी। इसके बाद दिल्ली पुलिस, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), दिल्ली अग्निशमन सेवा और नगर निगम (एमसीडी) ने बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया।
मध्य दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि निर्माणाधीन इमारत स्थल पर हादसे के समय करीब 10 से 15 मजदूर मौजूद थे।
पुलिस के अनुसार, बचाव दल अब तक निर्माणाधीन इमारत के मलबे से चार लोगों को निकाल चुका है। इनमें से दो मजदूरों किशोरी (40) और संजीत (45) की मौत हो गई, जबकि सहदेव चौधरी (25) और फिरोज (37) घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है।