आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली में बृहस्पतिवार सुबह बादल छाए रहे जबकि रात भर हुई बारिश के कारण सुबह सड़कों पर पानी भरा रहा और कई पेड़ उखड़ गए। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज दिन के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है।
आईएमडी ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में 72.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
इस दौरान लोधी रोड मौसम केंद्र में 80.2 मिलीमीटर, रिज में 77.8 मिलीमीटर, पालम में 63.0 मिलीमीटर और आयानगर में 57.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
आईएमडी ने दिल्ली के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी करते हुए चेतावनी दी कि दिन में बादलों की गरज और बिजली की चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।
आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.6 डिग्री कम है।
लगातार कई घंटों तक हुई बारिश से सड़कों पर अव्यवस्था बढ़ गई, पेड़ उखड़ गए और कई इलाके जलमग्न हो गए।
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण-पूर्व दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके में राजा धीर सिंह मार्ग पर दो पेड़ उखड़ गए जिससे वहां यातायात बाधित हुआ।
उन्होंने बताया कि इस्कॉन मंदिर के पास एक पेड़ उखड़कर सड़क पर गिर गया जबकि दूसरा नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट के बाहर गिरा।