आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि अगर सनातन पर खतरा आएगा तो कोई बच नहीं पाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी जिले में दरियाबाद और रामनगर विधानसभा क्षेत्रों की 542 करोड़ रुपये से अधिक की 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास करने के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘हमारा उज्ज्वल भविष्य सनानत की सुदृढ़ नींव पर निर्भर करेगा। सनातन सुरक्षित है तो हम सब सुरक्षित है।’’
उन्होंने आगाह किया, ‘‘अगर सनातन पर कोई खतरा आएगा तो कोई बच नहीं पाएगा। ये जो बांटने वाले लोग हैं, सपा और कांग्रेस के नाम पर जितने भी नमूने हैं, याद करना जब आप पर संकट आता है तो इन सबकी बोलती बंद हो जाती है।’’
योगी ने आरोप लगाया, ‘‘ये लोग भले कुछ भी बोलें, लेकिन इनका वास्तविक चरित्र सनातन विरोधी है, इनके कार्य जनता के हक और विकास की परियोजनाओं पर डाका डालने जैसे हैं।’’
उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर जनता के पैसों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘याद करना पैसा आपका था, लेकिन वह पैसा कब्रिस्तान की चहारदीवारी पर खर्च होता था तथा महादेवा और अयोध्या समेत विरासत एवं आस्था के स्थानों के लिए पैसा नहीं मिलता था। उसको वे सांप्रदायिक कहते थे।’’
उन्होंने सीधे सीधे आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस और सपा विरासत विरोधी और विकास की धुर विरोधी हैं। इनसे सतर्क रहेंगे तो हमेशा सुरक्षित रहेंगे।
योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘कब्रिस्तान की चहारदीवारी बनाना उनके लिए धर्मनिरपेक्षता का एक मानक बन गया था, लेकिन कांवड़ यात्रा पर रोक, जन्माष्टमी के आयोजन को प्रतिबंधित करना, राम नवमी की शोभायात्रा को रोकना, दुर्गा पूजा के पंडालों को प्रतिबंधित करना, वे धर्मनिरपेक्षता का मानक मानते थे।’’