आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरल के शिक्षा मंत्री एन. शमसुद्दीन ने सोमवार को कहा कि यदि जांच में कुछ और शिक्षक क्विज प्रश्नावली के विवादित उत्तर में शामिल पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
क्विज प्रश्नावली के उत्तर में हिंदुत्व विचारक वी. डी. सावरकर को "ब्रिटिश शासकों से सर्वाधिक सजा पाने वाले स्वतंत्रता सेनानी" के रूप में वर्णित किया गया था।
सामान्य शिक्षा विभाग के महानिदेशक स्नेहिल कुमार सिंह ने रविवार को आदेश जारी कर कासरगोड के कुंबला उपजिले में स्थित सहायता प्राप्त उच्च प्राथमिक विद्यालय (एयूपीएस) पल्लथड़का के शिक्षक गुरु प्रसाद को तत्काल निलंबित करने का निर्देश दिया। उन्होंने ही प्रश्नावली तैयार की थी।
कुंबला और मंजेश्वर उपजिलों के अंतर्गत आने वाले निम्न प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और उच्च विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए स्कूल स्तर की सामाजिक विज्ञान क्लब 'फ्रीडम क्विज 2026' का आयोजन छह अगस्त को किया गया था।
निम्न प्राथमिक वर्ग की प्रश्नावली में 15 मुख्य प्रश्न और पांच निर्णायक (टाई ब्रेकर) प्रश्न शामिल थे।
अधिकारियों ने बताया कि पांचवें प्रश्न में पूछा गया था, "वह कौन-से स्वतंत्रता सेनानी हैं, जिन्हें अंग्रेजों ने सबसे अधिक सजा दी?" इसके उत्तर के तौर पर वी. डी. सावरकर का नाम दिया गया था।
इस प्रश्न और उसके उत्तर को लेकर विवाद खड़ा हो गया और व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए, जिसके बाद शिक्षा अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी।
उन्होंने कहा, “सामान्य शिक्षा विभाग में कई पाठ्येतर गतिविधियां होती हैं। इनके लिए मंजूरी मिली हुई है और एक आधिकारिक कैलेंडर भी है। यह विशेष क्विज प्रतियोगिता इनमें से किसी का हिस्सा नहीं है। इसे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्थानीय स्तर पर आयोजित किया गया था।”
मंत्री ने कहा कि गतिविधि चाहे कोई भी हो, विभाग के शिक्षकों और कर्मचारियों को अनुशासन बनाए रखना चाहिए।