एकदश से बाहर बैठने का आदी नहीं लेकिन टीम माहौल के मुताबिक ढलना मेरी जिम्मेदारी: वेंकटेश अय्यर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 22-04-2026
"I am not accustomed to sitting out of the playing XI, but adapting to the team environment is my responsibility: Venkatesh Iyer"

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
वेंकटेश अय्यर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की एकादश में नियमित तौर पर जगह बनाना चाहते हैं, लेकिन यह हरफनमौला खिलाड़ी टीम की उन परिस्थितियों को भली-भांति समझता है जिनकी वजह से उन्हें बेंच पर बैठना पड़ रहा है।
 
वह टीम मैनेजमेंट द्वारा दी गई भूमिका की स्पष्टता से संतुष्ट हैं।
 
आईपीएल 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स के विजयी अभियान का हिस्सा रहे वेंकटेश आईपीएल 2026 से पहले आरसीबी से जुड़े, लेकिन अब तक उन्हें केवल एक ही मैच खेलने का मौका मिला है, क्योंकि बेंगलुरु टीम के शीर्ष और मध्यक्रम में कड़ी प्रतिस्पर्धा है।
 
वेंकटेश ने यहां चुनिंदा मीडिया से बातचीत में कहा, ‘‘मुझे बाहर बैठने की आदत नहीं है, लेकिन यह एक टीम का माहौल है। एक ऐसे खिलाड़ी के रूप में जो टीम को सबसे ऊपर रखता है, मेरा कर्तव्य है कि मैं इस माहौल का पालन करूं।’’
 
वेंकटेश इस बात से अच्छी तरह वाकिफ हैं कि आरसीबी उस संयोजन में बदलाव करने से हिचकेगी जिसने एक साल पहले उन्हें उनका पहला आईपीएल खिताब दिलाया था।
 
उन्होंने कहा, ‘‘हम गत चैंपियन हैं। खिताब दिलाने वाले संयोजन में बदलाव करना मुश्किल होता है। यह समझदारी भरा कदम नहीं होता। ऐसे में टीम से जुडे नये खिलाड़ी के तौर पर मेरा कर्तव्य है यह समझना कि मैं किस भूमिका में योगदान दे सकता हूं। इसका श्रेय मो (बोबाट), एंडी (फ्लावर) और डीके (दिनेश कार्तिक) को जाता है।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने टीम में मेरी भूमिका को लेकर बातचीत में शानदार स्पष्टता दी है। ईमानदारी से कहूं तो बाहर बैठना मुश्किल है। यह ऐसी चीज है जिसके लिए आप तैयारी नहीं कर सकते। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि मैं उनकी योजनाओं का हिस्सा नहीं हूं। यह ‘अगर’ नहीं बल्कि ‘कब’ का सवाल है।’’