आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
बिहार मंत्रिमंडल ने बुधवार को विकास, रोजगार, धार्मिक पर्यटन, महिला सुरक्षा और शहरी विस्तार से जुड़े 22 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक राज्य में 11 नए टाउनशिप ,भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी )पटना के लिए 344 करोड़ रुपये, 75 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के आधुनिकीकरण तथा सारण जिले के सोनपुर स्थित हरिहरनाथ मंदिर के विकास सहित कई निर्णय लिये गये।
मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी देते हुए मंत्रिमंडल सचिवालय के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने बताया कि राज्य सरकार ने युवाओं को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 75 आईटीआई को आधुनिक कौशल केंद्र के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है। इस योजना पर कुल 3,615 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिसमें राज्य सरकार 1,192 करोड़ रुपये का अंशदान करेगी।
बिहार मंत्रिमंडल आईआईटी पटना के लिए 344 करोड़ रुपये और 11 नए टाउनशिप को मंजूरी दी
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने आईआईटी पटना में अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए 344 करोड़ रुपये के पैकेज की भी मंजूरी दी है। इसमें 305 करोड़ रुपये की लागत से ‘रिसर्च पार्क’ तथा 39 करोड़ रुपये से ‘इनक्यूबेशन सेंटर’ के दूसरे चरण का निर्माण किया जाएगा।
चौधरी ने बताया कि मंत्रिमंडल ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सोनपुर स्थित हरिहरनाथ मंदिर परिसर का विकास काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर करने का निर्णय लिया और इसपर 680 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
उन्होंने बताया कि महिला सुरक्षा के मद्देनजर मंत्रिमंडल ने 1,500 महिला पुलिसकर्मियों को स्कूटी तथा 3,200 पुलिसकर्मियों को मोटरसाइकिल उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। इस पर कुल 66.75 करोड़ रुपये खर्च होंगे।