आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच खरीदारों के सतर्क रुख के कारण देश के आठ प्रमुख शहरों में मकानों की बिक्री चालू कैलेंडर वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में छह प्रतिशत घटकर 91,729 इकाई रह गई। रियल एस्टेट परामर्श कंपनी प्रॉपटाइगर ने यह जानकारी दी।
पिछले साल की इसी तिमाही में 97,674 मकानों की बिक्री हुई थी।
सूचीबद्ध रियल एस्टेट कंपनी ऑरम प्रॉपटेक लिमिटेड की आवासीय संपत्ति कारोबार इकाई प्रॉपटाइगर ने आठ प्रमुख शहरों के आवासीय बाजार पर अपनी रिपोर्ट ‘रियल इनसाइट’ जारी की है।
रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर), दिल्ली-एनसीआर, बेंगलुरु, पुणे, कोलकाता और अहमदाबाद में मकानों की बिक्री घटी। वहीं चेन्नई और हैदराबाद में बिक्री में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
परामर्श कंपनी ने बिक्री में गिरावट के लिए पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और रोजगार पर कृत्रिम मेधा (एआई) के संभावित प्रभाव के बीच संभावित मकान खरीदारों के सतर्क रुख को जिम्मेदार ठहराया।
आंकड़ों के अनुसार, एमएमआर में मकानों की बिक्री अप्रैल-जून तिमाही में सात प्रतिशत घटकर 24,112 इकाई रह गई, जो एक साल पहले इसी अवधि में 25,939 इकाई थी।