आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पंजाब में हुए धमाकों पर प्रतिक्रिया देते हुए बुधवार को कहा कि अगर कहीं भी कोई धमाका हुआ है तो उसके लिए गृह मंत्री जिम्मेदार हैं।
यादव ने संवाददाताओं से बातचीत में एक सवाल पर कहा, “अगर कोई धमाका हुआ है... तो इसका जिम्मेदार कौन है? देश का गृह मंत्री।”
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अमृतसर और जालंधर में हुए धमाकों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा था कि भाजपा इस तरह पंजाब के आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रही है।
सपा प्रमुख ने कहा, “क्या आपको पुलवामा या पहलगाम के बारे में पता चला था? जब आपको पुलवामा और पहलगाम के बारे में पता नहीं चला, तो आपको इसके बारे में भी पता नहीं चलेगा।”
पंजाब के जालंधर में सीमा सुरक्षा बल के पंजाब फ्रंटियर मुख्यालय और अमृतसर में सेना के छावनी क्षेत्र के पास मंगलवार रात को धमाके हुए थे।