हिमाचल पंचायत चुनाव : बारिश के बावजूद मतदान को लेकर उत्साह बरकरार

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 30-05-2026
Himachal Panchayat elections: Despite rain, enthusiasm for voting remains intact
Himachal Panchayat elections: Despite rain, enthusiasm for voting remains intact

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तूफानी मौसम की परवाह किए बिना शनिवार को पंचायत चुनावों के तीसरे और अंतिम चरण के दौरान लोग बड़ी संख्या में घरों से मतदान के लिये निकले। इस दौरान महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों की तुलना में काफी अधिक रही।

राज्य के सभी 12 जिलों में महिलाओं ने पुरुषों से अधिक मतदान किया, जहां महिलाओं का मतदान प्रतिशत 68.95 रहा, जबकि पुरुषों का मतदान प्रतिशत 56.49 रहा यानी 12 प्रतिशत से अधिक का अंतर। अपराह्न एक बजे तक कुल मतदान प्रतिशत 62.67 था।
 
मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और अपराह्न तीन बजे तक जारी रहेगा। अपराह्न एक बजे तक सिरमौर जिले में सबसे अधिक 71.28 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि लाहौल और स्पीति में सबसे कम 58.61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। फिलहाल कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।
 
चुनाव अधिकारी संजीव महाजन ने शनिवार को बताया कि 1,189 ग्राम पंचायतों में कुल 15,40,324 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं।
 
ये चुनाव मतपत्रों के माध्यम से कराए जा रहे हैं और इनमें किसी भी राजनीतिक दल के चुनाव चिह्न का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है।
 
राज्य में 26 मई को हुए पहले चरण के चुनाव में 1,293 पंचायतों में 78.90 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जबकि 28 मई को हुए दूसरे चरण में 1,276 पंचायतों में 79.88 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
 
अब तक कुल 10,854 पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।