आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सोमवार को इस मौसम की पहली बर्फबारी दर्ज की गयी। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के गढ़वाल और कुमाऊं दोनों क्षेत्रों जैसे केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड, औली और मुनस्यारी की उंची चोटियों पर बर्फबारी हुई।
केदारनाथ में भगवान के दर्शन करने आए श्रद्धालु बर्फबारी का आनंद लेते नजर आए। इस बार अक्टूबर में ही सीजन की पहली बर्फवारी हो गयी है।
राज्य के निचले इलाकों में बारिश हो रही है। कई स्थानों पर बारिश और बर्फबारी होने से प्रदेश में ठंड के मौसम का आगाज हो गया है।
मौसम विभाग ने मंगलवार तक प्रदेश के कई स्थानों पर बारिश और 4,000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। इसे देखते हुए चमोली जिला प्रशासन ने रविवार को ही छह और सात अक्टूबर को ट्रैकिंग गतिविधियों पर रोक लगा दी थी।
अधिकारियों ने बारिश और बर्फबारी की चेतावनी के मद्देनजर लोगों से अनावश्यक आवाजाही से बचने तथा सावधानी बरतने की अपील की है। तीर्थयात्रियों से भी गर्म कपड़े साथ रखने तथा पर्याप्त सावधानी बरतने को कहा गया है।