दुर्गम क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं को चिकित्सालयों तक पहुंचाने के लिए हैली सेवा शुरू

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 25-03-2026
Heli service launched to transport pregnant women from remote areas to hospitals
Heli service launched to transport pregnant women from remote areas to hospitals

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में गर्भवती महिलाओं को हेलीकॉप्टर के माध्यम से चिकित्सालयों तक पहुंचाने के लिए बुधवार को हैली सेवा की शुरूआत की गई, जिसके तहत एक महिला को जखोली से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
 
अधिकारियों ने बताया कि दुर्गम क्षेत्र की निवासी महिलाओं को इस योजना के जरिए सुरक्षित प्रसव की सुविधा दी जा रही है।
 
उन्होंने बताया कि प्रदेश के स्वास्थ्य और नागरिक उड्डयन विभाग के संयुक्त प्रयासों से उपलब्ध कराई जा रही यह सुविधा निःशुल्क है।
 
अधिकारियों के मुताबिक, जिले के दूरस्थ क्षेत्र की निवासी उदीना को हेलीकॉप्टर के जरिये जखोली से रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया ताकि उसका प्रसव सुरक्षित एवं चिकित्सकीय निगरानी में संपन्न कराया जा सके।
 
रुद्रप्रयाग के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि हेलीकॉप्टर सेवा विशेष रूप से उन क्षेत्रों की निवासियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी, जहां सड़क संपर्क सीमित है या आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण होता है।
 
उन्होंने कहा कि यह पहल मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने तथा सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।