आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली के कई हिस्सों में मंगलवार तड़के हुई भारी बारिश के कारण जलभराव हो गया और यातायात प्रभावित हुआ।
सुबह 8:30 बजे समाप्त हुई 24 घंटे की अवधि में कई इलाकों में करीब 100 मिलीमीटर (मिमी) या उससे अधिक बारिश दर्ज की गई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार, 24 घंटे की अवधि में आयानगर में सबसे अधिक 101.9 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद रिज में 100.4 मिमी बारिश हुई। सफदरजंग में 99.1 मिमी और लोधी रोड में 98.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, मंगलवार सुबह आठ बजे तक पालम में 68 मिमी बारिश हुई।
शहर के कई हिस्सों से जलभराव की सूचना मिली, जिनमें लुटियंस दिल्ली की अशोका रोड, रायसीना रोड, राम मनोहर लोहिया अस्पताल के आसपास के इलाके, संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग और कनॉट प्लेस शामिल हैं।
एम्स और उच्चतम न्यायालय के आसपास भी जलभराव की सूचना मिली। जलभराव वाले रास्तों पर वाहन चालकों को पानी के बीच से वाहन निकालते हुए देखा गया।