आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महाराष्ट्र के मुंबई में बृहस्पतिवार सुबह एक बार फिर तेज बारिश हुई, जिससे निचले इलाकों में जलभराव हो गया और सड़क व रेल यातायात की रफ्तार धीमी पड़ गई।
वहीं, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिनभर बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान शहर के कई इलाकों में 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई।
बृहस्पतिवार तड़के से जारी भारी बारिश के कारण दादर, परेल, हिंदमाता, चारकोप, वर्ली, गोरेगांव और अंधेरी जैसे प्रमुख इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा तथा वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई।
पटरियों पर जलजमाव के कारण लोकल ट्रेनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।
रेल यात्रियों ने बताया कि कई लोकल ट्रेन निर्धारित समय से 10 से 15 मिनट की देरी से चल रही हैं, जिससे सुबह के व्यस्त समय में स्टेशनों और ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई।
आईएमडी ने मुंबई और उसके उपनगरों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
साथ ही, बृहस्पतिवार रात और शुक्रवार तड़के अत्यधिक भारी बारिश होने का भी अनुमान है।
इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।