आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
गुरुग्राम में जिला एवं सत्र न्यायालय और लघु सचिवालय को शुक्रवार को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिले। पुलिस ने बताया कि इस सूचना के बाद अधिकारियों ने पूरे परिसर की गहन सुरक्षा जांच शुरू कर दी।
अधिकारियों के अनुसार, ये धमकी भरे ईमेल जिला बार एसोसिएशन, गुरुग्राम के उपायुक्त और अन्य अधिकारियों की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजे गए थे।
सूचना मिलते ही पुलिस, सुरक्षा एजेंसियां, बम निरोधक दस्ता और खोजी कुत्तों का दल तुरंत जिला अदालत और लघु सचिवालय पहुंचे। एजेंसियों ने पूरे परिसर की गहन तलाशी ली तथा आगंतुकों की आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखी गई।
सुरक्षा के मद्देनजर वकीलों, कर्मचारियों और मुकदमों से जुड़े लोगों से तुरंत परिसर खाली करने की अपील की गई, जिससे अदालत की न्यायिक कार्यवाही पूरी तरह से स्थगित रही।
जिला बार एसोसिएशन ने एक बयान में कहा कि जिला अदालत को निशाना बनाकर मिली बम की धमकी के कारण शुक्रवार को कोई भी न्यायिक कार्य नहीं होगा। एहतियातन सभी वकीलों से तुरंत अदालत परिसर खाली करने का आग्रह किया गया।
इसके अलावा, जिला एवं सत्र न्यायाधीश से भी उस दिन के लिए निर्धारित सभी मामलों की सुनवाई स्थगित करने और नयी तिथियां तय करने का अनुरोध किया गया।
जिला बार एसोसिएशन के सचिव राहुल धनखड़ ने सभी सदस्यों से प्रशासन का सहयोग करने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान करने और धमकी की सत्यता का पता लगाने में जुटी हुई है।
उन्होंने यह भी बताया कि शहर के कुछ स्कूलों को भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए हैं।