ईरान की गोलीबारी के शिकार तीन में से एक जहाज का संभावित गंतव्य था गुजरातः रिपोर्ट

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 22-04-2026
Gujarat Was the Probable Destination of One of the Three Ships Targeted by Iranian Gunfire: Report
Gujarat Was the Probable Destination of One of the Three Ships Targeted by Iranian Gunfire: Report

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
होर्मुज जलडमरूमध्य में बुधवार को ईरानी सैन्यबलों की गोलीबारी में निशाना बनने वाले तीन वाणिज्यिक जहाजों में से एक जहाज संभवतः गुजरात के मुंदड़ा बंदरगाह की ओर जा रहा था। शुरुआती शिपिंग आंकड़े से यह जानकारी मिली है।
 
समुद्री निगरानी कंपनी 'मैरीनट्रैफिक' के मुताबिक, ‘एपामिनोंडस’ नामक कंटेनर जहाज ने अपने गंतव्य के रूप में मुंदड़ा बंदरगाह का संकेत दिया था। यह जहाज लाइबेरिया के झंडे के तहत संचालित हो रहा है और फिलहाल ओमान की खाड़ी क्षेत्र में मौजूद बताया गया है।
 
ईरान के विशेष सैन्यबल 'इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गॉर्ड कॉर्प्स' (आईआरजीसी) ने इस रणनीतिक जलमार्ग से गुजरते समय इन जहाजों पर गोलीबारी की। इस घटना में दो जहाजों को बाद में कब्जे में ले लिया गया और कम-से-कम एक जहाज को नुकसान भी पहुंचा। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
 
आईआरजीसी की गोलीबारी की जद में आने वाले अन्य जहाजों में ‘एमएससी फ्रांसेस्का’ श्रीलंका के हम्बनटोटा बंदरगाह की ओर जा रहा था जबकि ‘यूफोरिया’ जहाज का गंतव्य जेद्दा था।
 
ईरान ने दावा किया कि इन जहाजों ने समुद्री नियमों का उल्लंघन किया या चेतावनियों को नजरअंदाज किया। वहीं, कुछ समुद्री सूत्रों का कहना है कि कम-से-कम एक जहाज को पहले से अनुमति मिली हुई थी।
 
बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव मुकेश मंगल ने हाल ही में कहा था कि पिछले सप्ताह जलडमरूमध्य पार करने की कोशिश कर रहे दो भारतीय जहाजों पर भी गोलीबारी हुई थी, जिसके बाद उन्हें वापस लौटना पड़ा था।