राज्य सरकार ने ‘ग्राम विकास चौपाल’ को छवि चमकाने का अभियान बनाया: अशोक गहलोत

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 23-05-2026
 'Gram Vikas Chaupal' an image-boosting campaign: Ashok Gehlot
'Gram Vikas Chaupal' an image-boosting campaign: Ashok Gehlot

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राज्य सरकार की ‘ग्राम विकास चौपाल’ पर कटाक्ष करते हुए शनिवार को आरोप लगाया कि सरकार ने इसे अपनी छवि चमकाने का अभियान बना दिया है।

गहलोत ने एक बयान में कहा कि राजस्थान में भाजपा सरकार द्वारा आयोजित की जा रही ‘ग्राम विकास चौपाल’ ग्रामीण समस्याओं के समाधान का एक अच्छा अवसर थी, लेकिन सरकार ने इसे केवल छवि चमकाने का अभियान बना दिया है।
 
उन्होंने कहा कि इन चौपालों में जहां सभी ग्रामीणों को बुलाया जाना चाहिए था, उनकी समस्याएं सुनकर हल करना चाहिए था वहां केवल भाजपा कार्यकर्ताओं और योजनाओं के लाभार्थियों को ही आमंत्रित किया जा रहा है ताकि सरकार की कोई आलोचना न सुननी पड़े।
 
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि मुख्यमंत्री जी में अपनी सरकार की आलोचना सुनने एवं जनता की समस्याओं से रूबरू होने का माद्दा नहीं है जिसके कारण यह ‘ग्राम विकास चौपाल’ के बजाय ‘चुनिंदा लोगों की चौपाल’ बन कर रह गई है।’’
 
राज्य सरकार के ‘ग्राम विकास रथ’ के बारे में गहलोत ने कहा कि ये ‘रथ’ तो मात्र मजाक का पात्र बन कर रह गए हैं।
 
गहलोत ने कहा, ‘‘ढाई साल में सरकार ने एक भी ऐसा काम नहीं किया जिससे प्रदेश की जनता को बड़े स्तर पर लाभ हो, परन्तु विकास रथ रवाना कर दिए गए, जिनका गांवों में विरोध हो रहा है।’’
 
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘पहले ग्रामीण और शहरी सेवा शिविर और अब विकास रथ, भाजपा सरकार के ये सभी अभियान विफल होते जा रहे हैं। भाजपा सरकार को जनहित में आत्ममंथन करना चाहिए कि आखिर ऐसी स्थिति क्यों पैदा हो रही है।’’