आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि शहर के वृहद वृक्षारोपण अभियान का उद्देश्य बड़े पैमाने पर जनभागीदारी के माध्यम से दिल्ली के हरित आवरण को बढ़ाना है।
वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत राष्ट्रीय राजधानी में 70 लाख पौधे रौंपे जाएंगे। इस अभियान की शुरुआत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने की।
गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के लिए आज का दिन एक नए हरित संकल्प का दिन है जहां ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को नई गति देते हुए, केंद्रीय गृह अमित शाह ने सेंट्रल रिज और नानकपुरा रिज में पौधारोपण कर दिल्ली के 70 लाख पौधारोपण अभियान की शुरुआत की।
उन्होंने कहा कि यह अभियान आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, हरियाली और स्वस्थ जीवन देने का संकल्प है।
गुप्ता ने कहा, “हमने इस अभियान से जुड़ना आपके लिए बेहद सरल बना दिया है। अब आप ऑनलाइन अपना ‘स्लॉट’ बुक कर आसानी से पौधारोपण कर सकते हैं और 70 लाख पौधे लगाने के इस अभियान से जुड़ सकते हैं।”
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कहा कि दिल्ली सरकार ने 100 ऑक्सीजन पार्क विकसित करने की योजना बनाई है, जिनमें से 18 पर काम पहले से ही चल रहा है।
गुप्ता ने कहा, “हमने गुजरात में विकसित ऑक्सीजन पार्कों के बारे में जानने के बाद दिल्ली में इस अवधारणा को पेश करने का फैसला किया है।"
मौजूदा वित्त वर्ष के बजट का जिक्र करते हुए गुप्ता ने कहा कि इसे "हरित बजट" के रूप में प्रस्तुत किया गया था, जिसमें कुल परिव्यय का 22 प्रतिशत पर्यावरण संबंधी पहल के लिए रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने शहर भर के पार्कों को बेहतर बनाने और उन्हें पौधारोपण अभियान में शामिल करने के लिए निवास कल्याण संघों (आरडब्ल्यूए) और अन्य संस्थानों को वित्तीय सहायता भी दी है।
गुप्ता ने कहा कि अभियान के तहत लगाए गए प्रत्येक पौधे की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उसकी 'टैगिंग' और ऑनलाइन निगरानी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रदूषण से निपटने के लिए पौधारोपण ही सरकार की एकमात्र रणनीति नहीं है और दिल्ली शून्य-उत्सर्जन परिवहन को भी बढ़ावा दे रही है।