वायदा बाजार में सोने की कीमतों में 1,997 रुपये की तेजी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-03-2026
Gold prices rise by Rs 1,997 in the futures market
Gold prices rise by Rs 1,997 in the futures market

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 वायदा कारोबार में सोने की कीमत शुक्रवार को 1,997 रुपये उछलकर 1.41 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। वैश्विक बाजारों में मजबूती और भारी गिरावट के बाद निचले स्तर पर खरीदारी के चलते सोने के दाम में तेजी आई है।
 
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में अप्रैल माह में आपूर्ति वाले अनुबंध का भाव 1,997 रुपये यानी 1.43 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,41,490 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। बृहस्पतिवार को शाम के सत्र में यह 4,604 रुपये यानी 3.2 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,39,493 रुपये पर बंद हुआ था।
 
इसी तरह जून डिलीवरी वाले अनुबंध का भाव भी 1,811 रुपये यानी 1.27 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,44,325 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे पिछले सत्र में सोना वायदा 4,926 रुपये या 3.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,42,514 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया था।
 
रामनवमी के अवसर पर जिंस बाजार बृहस्पतिवार को सुबह के सत्र में बंद रहे थे और शाम के सत्र में कारोबार फिर से शुरू हुआ था।
 
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स पर अप्रैल डिलीवरी वाले सोने का भाव 89.1 डॉलर यानी 2.04 प्रतिशत बढ़कर 4,465.4 डॉलर प्रति औंस हो गया। वहीं, जून अनुबंध भी 80.55 डॉलर यानी 1.83 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,489.55 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।
 
इंडसइंड सिक्योरिटीज में वरिष्ठ शोध विश्लेषक जिगर त्रिवेदी ने कहा, "पिछले सत्र में भारी गिरावट के बाद सोना 4,400 डॉलर प्रति औंस के ऊपर निकल गया, क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को युद्ध समाप्त करने के समझौते के लिए दी गई समयसीमा आगे बढ़ा दी है।"